राज्य
एक दिन में 100 किसानों ने की 51 बीघा जमीन की रजिस्ट्री
- एलडीए की इस आवासीय योजना में लगभग 02 लाख लोगों को मिलेगा आशियाना
- शनिवार को अवकाश के दिन निबंधन कार्यालय खोलकर कराए गए बैनामे
लखनऊ । विकास प्राधिकरण की नैमिष नगर योजना के लिए एक ही दिन में 100 किसानों ने अपनी 51 बीघा से अधिक जमीन दी। इसके लिए शनिवार को अवकाश के दिन बीकेटी तहसील स्थित निबंधन कार्यालय खोला गया और किसानों से जमीन के बैनामे निष्पादित कराए गए। इस दौरान किसानों को 38 करोड रुपए की धनराशि डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से वितरित की गई।
नैमिष नगर योजना की प्रभारी अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि योजना से प्रभावित किसानों को रजिस्ट्री के साथ ही प्रतिकर वितरण से लगातार सहमति पत्र प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना के लिए बी0के0टी0 तहसील के 18 गांवों की लगभग 4035 एकड़ भूमि चिन्हित की गयी है। इसमें ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं।
योजना में लगभग 02 लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी। यह योजना न सिर्फ आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि एक पूर्ण विकसित उपनगर के रूप में सामने आएगी। इसमें चौड़ी सड़कें, ग्रीन बेल्ट, पार्क, स्कूल, अस्पताल, कम्यूनिटी सेंटर, सॉलिड वेस्ट मैनेजमंेट, व्यावसायिक केन्द्र जैसी तमाम सुविधाएं होंगी। योजना से शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक आदि क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास होगा। इससे निवेश आएगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे।